उदय सर्वोदय
नई दिल्ली: 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर लाल किला पर हुई हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस की एक टीम ने जम्मू पुलिस की सहायता से आरोपी एक किसान नेता सहित दो लोगों को जम्मू से गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि दोनों को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की टीम ने सोमवार रात हिरासत में ले लिया और उन्हें पूछताछ के लिए तुरंत राष्ट्रीय राजधानी ले जाया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों की पहचान जम्मू शहर के चाथा इलाके के निवासी एवं जम्मू-कश्मीर संयुक्त किसान मोर्चा के अध्यक्ष मोहिंदर सिंह (45) और जम्मू के गोले गुजराल निवासी मंदीप सिंह (23) के रूप में की गयी है।
दिल्ली पुलिस ने 26 जनवरी लाल किला हिंसा मामले में जम्मू से दो आरोपियों मोहिंदर सिंह खालसा और मंदीप सिंह को गिरफ़्तार किया है. मोहिंदर सिंह कश्मीर यूनाइटेड फ्रंट ऑर्गेनाइजेशन का अध्यक्ष है और दंगे के मुख्य साजिशकर्ता में से एक है.@DelhiPolice @airnewsalerts @Neerajsinghddn1 pic.twitter.com/mJEox7cZIU
— डीडी न्यूज़ (@DDNewsHindi) February 23, 2021
दो दिन पूर्व ही दिल्ली पुलिस ने लाल किला हिंसा मामले में 20 और लोगों की तस्वीरें जारी की थीं। पुलिस ने ऐसे लोगों की तस्वीर जारी की हैं, जो 26 जनवरी को लाल किले में हुई हिंसा में कथित रूप से शामिल थे। लाल किले की हिंसा के समय कितने लोग सक्रिय थे, यह जानने के लिए पुलिस और डेटा को भी स्कैन कर रही है। दिल्ली पुलिस ने अब तक कुल करीब 124 गिरफ्तारियां की हैं और 44 एफआईआर दर्ज की गई है।
बता दें कि कृषि कानूनों के विरोध में 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान दिल्ली में हिंसा भड़क गई थी। आंदोलनकारी किसानों ने लाल किले पर कब्जा कर लिया था और अपना झंडा फहरा दिया था। इसके अलावा उग्र किसानों ने लाल किला समेत कई जगहों पर जमकर तोड़फोड़ की और पुलिस पर भी जानलेवा हमला किया। गणतंत्र दिवस के दिन हुई हिंसा में 500 से भी ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए थे।