गाजियाबाद। मेरठ रोड निकटस्थ निलाया ग्रीन्स सोसायटी के बुजुर्गों ने नवनिर्वाचित एओए टीम का स्वागत कर उसे अपने आशीर्वाद से नवाजा। उन्होंने सोसायटी हित में अनेक सुझाव और अपेक्षाएं भी उनके सामने रखी। इससे पूर्व एच-108 निवासी रहे दिवंगत पी सी चंदोला की स्मृति को नमन करते हुए एक मिनट का मौन रखा गया।
निलाया वरिष्ठ नागरिक मंच के तत्वावधान में सोसायटी के क्लब हाउस में आयोजित विशेष बैठक में पहले उपस्थित सदस्यों ने अपना परिचय दिया। इसके बाद क्रमशः एओए अध्यक्ष-दीपक त्यागी, उपाध्यक्ष-मनजीत चौहान, सचिव-अश्वनी जायसवाल, कोषाध्यक्ष-अमित सक्सेना तथा धीरज शर्मा, रोहित दुबे और अश्विनी कुमार (तीनों कार्यकारिणी सदस्य) ने अपने परिचयात्मक वक्तव्य में कहा कि हम अभी एओए रजिस्ट्रेशन और बिल्डर से चार्ज लेने की प्रक्रिया में लगे हैं, यह कार्य सम्पन्न होते ही सोसायटी की सुरक्षा और विकास की अपनी योजनाओं का कार्यान्वयन आप लोगों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए, शुरू कर देंगे।
मंच संयोजक सत्येन्द्र प्रकाश (पत्रकार) के स्वरचित मुक्तकों, पद/नाम अनुसार दिलचस्प टिप्पणियों के साथ संचालन में संपन्न हुई बैठक में जहां लोगों ने कुत्तों की समस्या को प्रमुखता से उठाया, वहीं एक्सपर्ट प्रो. डॉ भुवन कुमार ने एओए टीम को डिजास्टर मैनेजमेंट से संबंधित टिप्स दिए। अन्य वक्ताओं में सुनील कुमार, सतीश राजपूत, देवेन्द्र कुमार सिंह, मंगू सिंह त्यागी प्रमुख रहे।
अध्यक्षता कर रहे ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान 2026’ से विभूषित महावीर प्रसाद त्यागी एवं संरक्षक सुरेन्द्र नाथ दास ने पदाधिकारियों को आशीर्वचन और शुभकामनाएं देते उनसे बेहतर व्यवस्था देने की अपेक्षा व्यक्त की। श्री दास ने आगंतुकों के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम का समापन संचालक की घोषणा और जलपान के साथ हुआ, जिसमें नीलकांत मिश्र, कैलाश गुप्ता, नरेश पाल, राजेंद्र त्यागी, विमल घोष, फतेह बहादुर सिंह (सह संयोजक), अखिलेश राय, पूरन चन्द, अरविन्द कुमार साहू आदि सदस्यों एवं शुभाशीष, अनिल मिश्र (आमंत्रित) की मौजूदगी खास रही।