नई दिल्ली। नई दिल्ली में आयोजित भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक में आरईसी को विद्युत मंत्रालय के अधीन सभी कार्यालयों एवं उपक्रमों में राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राजभाषा दीप्ति शील्ड से पुरस्कृत किया गया।
यह पुरस्कार विद्युत एवं आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल जी के कर-कमलों से आरईसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जितेन्द्र श्रीवास्तव एवं कार्यपालक निदेशक (राजभाषा) आर.पी. वैष्णव ने प्राप्त किया। आरईसी को यह पुरस्कार वर्ष 2023-24 में भारत सरकार की राजभाषा नीति के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए प्रदान किया गया है।
इस अवसर पर विद्युत राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाईक, विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल एवं विद्युत मंत्रालय के अधीन सभी कार्यालयों एवं उपक्रमों के प्रमुख तथा प्रतिनिधि, विद्युत मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति के माननीय सदस्यगण एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। इस बैठक में माननीय मंत्री जी द्वारा आरईसी की पत्रिका ऊर्जायन का विमोचन भी किया गया।